दिल्ली : प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर मासूम की जान पर भारी पड़ गई। ताजा मामला आदर्श नगर थाना इलाके के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास का है, जहां नाले में डूबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान आहिल के रूप में हुई है, जो छठी कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि आहिल अपने करीब आठ दोस्तों के साथ नाले में नहाने गया था।
स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, इस नाले में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी भी छोड़ा जाता है, जिसकी वजह से नाले के कुछ हिस्सों में पानी साफ दिखाई देता है। इसी कारण आसपास के बच्चे अक्सर यहां नहाने पहुंच जाते हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने खतरनाक नाले के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
न बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी गार्ड की तैना
घटनास्थल पर न तो कोई दीवार बनाई गई है, न बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी गार्ड की तैनाती है, ताकि बच्चों या जानवरों को नाले के पास जाने से रोका जा सके। परिजनों ने सीधे तौर पर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब एक सप्ताह पहले ही मुकुंदपुर के खुले नाले में गिरकर दो साल की बच्ची की मौत का मामला सामने आया था। उस घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदले।
आहिल की मौत के बाद इलाके में लोगों में भारी नाराजगी है। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो आज उनका बच्चा जिंदा होता। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा और कब तक सरकारी सिस्टम की लापरवाही की कीमत मासूम बच्चों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
