Delhi Firing: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध बढ़ता जा रहा है। यहां अपराधी बेखौफ हो गए हैं। ऐसा ही एक मामला नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से सामने आया है। यहां ज्योति नगर इलाके के शक्ति गार्डन में सोमवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें 5 लोग घायल हो गए है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पांचों घायलों को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते यहां फायरिंग की गई।
DCP नॉर्थ ईस्ट अभिषेक मिश्रा ने कहा, "इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल लोगों के बारे में हमारे पास कुछ सुराग हैं।" आगे की जांच के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
ज्योति नगर इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस ने बताया कि 3 मार्च की रात करीब 9 बजे ज्योति नगर थाना पुलिस को फोन आया, जिसमें फायरिंग की बात बताई गई। फोन करने वाले ने बताया कि उसके बेटे को एक व्यक्ति ने गोली मार दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पता लगा की दो पक्षों के बीच फायरिंग की गई है, जिसमें 5 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने क्राइम टीम और एफएसएल टीम को घटनास्थल पर निरीक्षण के लिए बुलाया। टीम ने यहां से खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी और मैनुअल इनपुट प्राप्त करने के लिए एक टीमों का गठन किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
