दिल्ली

IGI एयरपोर्ट पर मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, अमेरिका भेजने वाले तीन फर्जी एजेंट गिरफ्तार

IGI एयरपोर्ट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अवैध मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन एजेंटों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को गैरकानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का काम कर रहे थे।

Image

अमेरिका पहुंचाने के लिए लिया 37 लाख का सौदा

नई दिल्ली, 8 मई 2025: IGI एयरपोर्ट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अवैध मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन एजेंटों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को गैरकानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संजीव कुमार उर्फ रिंकू (36), दयाल सिंह (34) और बसंत लाल (47) शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के रहने वाले हैं और दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया।

अवैध तरीके से अमेरिका गया युवक पकड़ा गया

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक भारतीय युवक प्रिंस कुमार (23) अमेरिका से डिपोर्ट होकर IGI एयरपोर्ट पहुंचा। जांच के दौरान उसके पासपोर्ट में छेड़छाड़ के निशान मिले। इस पर उसे तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में प्रिंस ने खुलासा किया कि वह अमेरिका जाने के लिए दो एजेंटों को कुल 92 लाख रुपये दे चुका था।

प्रिंस ने बताया कि सबसे पहले उसने दयाल नाम के एजेंट से संपर्क किया, जिसने रिंकू नाम के एजेंट से मिलवाया। इन दोनों ने मिलकर 55 लाख रुपये में उसे यूरोप के रास्ते अमेरिका पहुंचाने का वादा किया। नवंबर 2023 में वह शेंगेन वीजा पर फ्रांस गया और वहां से पुर्तगाल व स्पेन पहुंचा, लेकिन पेमेंट को लेकर विवाद होने पर एजेंटों ने उसे स्पेन में ही छोड़ दिया।

अमेरिका पहुंचाने के लिए लिया 37 लाख का सौदा

स्पेन में फंसे प्रिंस की मुलाकात एक और एजेंट बसंत लाल से हुई। बसंत ने 37 लाख रुपये में अमेरिका पहुंचाने की डील की। प्रिंस ने 19.5 लाख रुपये नकद दिए और बाकी पैसे अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात हुई। इसके बाद बसंत ने उसे ग्वाटेमाला, होंडुरास, निकारागुआ और मेक्सिको के रास्ते अमेरिका भिजवाया। मेक्सिको में एक फर्जी वीजा उसके पासपोर्ट पर चिपकाया गया और "डंकी रूट" के जरिए उसे अमेरिका में दाखिल कराया गया। कुछ दिनों बाद प्रिंस को अमेरिकी एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया और चार महीने बाद डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया, जहां IGI एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी की और सबसे पहले संजीव कुमार उर्फ रिंकू को करनाल से पकड़ा। फिर उसकी निशानदेही पर दयाल सिंह और बाद में बसंत लाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं ये किसी और मामले में भी तो शामिल नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article