दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ लागू है। इस प्लान के तहत भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों को राहत पहुंचाना है। सरकार ने राजधानी के कई हिस्सों में ‘कूलिंग ज़ोन’, मोबाइल राहत यूनिट्स और अस्पतालों में विशेष इंतजाम शुरू किए हैं। सरकार की मानें तो पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद, चांदनी चौक, कश्मीरी गेट, आईएसबीटी और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष ‘कूलिंग ज़ोन’ बनाए गए हैं। इन जगहों पर बड़े कूलर, पंखे और बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि लोग तेज धूप और लू से बचाव कर सकें।
दिल्ली सरकार ने पिछले दिनों ही 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स भी शुरू की थी। ये वैन शहर के लेबर चौकों, बस अड्डों, बाजारों और निर्माण स्थलों पर जाकर लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध करा रही हैं। इन यूनिट्स के जरिए ठंडा पीने का पानी, ORS पैकेट, टोपी, सूती गमछे और प्राथमिक चिकित्सा सामग्री वितरित की जा रही है।
11 हजार से ज्यादा ‘कूलिंग पॉइंट’
दिल्ली के 30 से ज्यादा सरकारी अस्पतालों में विशेष ‘कूल रूम’ बनाए गए हैं। हर अस्पताल में 5 बेड वाले एयर-कूल्ड वार्ड तैयार किए गए हैं, जहां हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीजों का इलाज किया जाएगा। सरकार ने दावा किया है कि राजधानी में 11 हजार से ज्यादा ‘कूलिंग पॉइंट’ विकसित किए जा रहे हैं। इसके तहत वाटर एटीएम, 1900 से अधिक वाटर कूलर और सार्वजनिक पेयजल केंद्र लगाए गए हैं। दिल्ली नगर निगम और जल बोर्ड की टीमों को लगातार पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए स्कूलों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू किया गया है। इसके तहत तय समय पर घंटी बजाकर बच्चों को पानी पीने की याद दिलाई जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को दोपहर की बाहरी गतिविधियां सीमित करने और कक्षाओं में पर्याप्त पानी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार ने हीटवेव इमरजेंसी के लिए 1077, 1070 और 112 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, इसलिए लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और लगातार पानी पीने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
