Delhi Hospital: दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में बड़ा बदलाव किया गया है। इन अस्पतालों में कलर कोडिंग क्लीनलिनेस बेडशीट व्यवस्था को लागू किया गया है। इसके तहत अब मरीजों के बिस्तरों पर हफ्ते के हर दिन अलग-अलग रंग की चादरें बिछाई जाएंगी। दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता को पुख्ता करने और संक्रमणों को रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
अस्पतालों में किस दिन किस रंग की होगी चादर
दिल्ली सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत उसके अधीन आने वाले अस्पतालों में मरीजों के बिस्तर पर सोमवार को सफेद, मंगलवार को गुलाबी, बुधवार को हरा, गुरुवार को बैंगनी, शुक्रवार को नीला, शनिवार को हल्का भूरा और रविवार को आडू (पीच) रंग की चादरें बिछाई जाएंगी। इसमें कहा गया कि नयी व्यवस्था सभी सरकारी अस्पतालों में सख्त संक्रमण नियंत्रण प्रथाओं को सुदृढ़ करने के लिए लागू किया जा रही है।
हर दिन चादर बदलने के लिए पर्याप्त मात्रा में रखें चादर
बयान में कहा गया कि प्रत्येक अस्पताल को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन निर्बाध रूप से चादरें बदलने के लिए पर्याप्त मात्रा में चादरें उपलब्ध रखें।
इसमें कहा गया कि केंद्र की ‘कायाकल्प योजना’ के तहत क्रियान्वित यह पहल, सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और रोगी देखभाल के प्रबंधन के तरीके में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य स्वच्छता और रोगी अनुभव, दोनों में सुधार लाना है।
बयान के अनुसार, स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ‘कायाकल्प योजना’ के तहत स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण प्रथाओं और अपशिष्ट प्रबंधन के उच्च मानकों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है और इसे बनाए रखने वाले अस्पतालों का मूल्यांकन कर पुरस्कृत किया जाता है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
