International Labour Day: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रमिकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आजीविका के लिए, दिल्ली आने वाले लोगों के बेहतर जीवन और बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने श्रमिकों के हित में बड़े फैसलों का ऐलान किया है।
दिल्ली सरकार देगी मजदूरों को सुविधाएं
उन्होंने ने कहा कि दिल्ली सरकार हर साल श्रमिकों के परिवारों के स्वास्थ्य की जांच कराएगी, जिससे उनकी सेहत की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके। गर्मी को ध्यान में रखते हुए, श्रमिकों को आराम करने का समय दिया जाएगा। साथ ही, कार्यस्थल पर महिला श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधाओं का भी विशेषरूप से ध्यान दिया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली में 3000 वाटर कूलर लगाए जाएंगे, ताकि श्रमिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
इन योजनाओं के तहत होगा लाभ
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ये भी सुनिश्चित करेगी कि जब दिन में बहुत गर्मी हो तो दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रमिकों को आराम मिले और इसके लिए एक अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने पहले ही स्वास्थ्य बीमा के लिए आयुष्मान भारत, 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए वय वंदना योजना, भोजन के लिए अटल कैंटीन और बच्चों के लिए पालना केंद्र जैसी योजनाओं को लागू करना शुरू कर दिया है, जिससे श्रमिकों को सीधे लाभ होगा।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
