Rekha Gupta New CM Of Delhi: दिल्ली को रेखा गुप्ता के रूप में नया मुख्यमंत्री मिल गया है। उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। इसके साथ ही 50 वर्षीय रेखा दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा शासित राज्यों के सीएम एवं एनडीए के नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने शपथ लिया। रामलीला मैदान में भारी संख्या में भाजपा कार्याकर्ता एवं लोग मौजूद थे।
रेखा गुप्ता के साथ ही परवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और डॉ. पंकज सिंह को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
कैबिनेट की पहली बैठक में होंगे बड़े फैसले
पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में अपराह्न करीब तीन बजे होने की संभावना है और इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा। भाजपा ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। भाजपा ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी।
दिल्ली में भाजपा की चौथी सीएम
पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से घनिष्ठ संबंध हैं। रेखा हाल में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण के बाद, वह वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
