Delhi Covid: दिल्ली में कोरोना की रफ्तार थमती नहीं दिख रही है। शनिवार (8 April 2023) को भी पांच सौ से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं। हालांकि शनिवार को कोरोना से किसी भी शख्स की जान नहीं गई है।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण दर 23.05 प्रतिशत है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को 19.93 प्रतिशत संक्रमण दर के साथ कोविड के 733 नये मामले सामने आये थे, जो पिछले सात महीने से अधिक समय में सबसे अधिक थे। दिल्ली में 26 अगस्त 2022 को संक्रमण के 620 मामले सामने आए थे।
बृहस्पतिवार को 16.98 प्रतिशत की संक्रमण दर के साथ 606 मामले दर्ज किए गए जबकि इस दौरान एक व्यक्ति की महामारी से मौत हुई थी। बुधवार को शहर ने 26.54 प्रतिशत की संक्रमण दर दर्ज की गई थी जो लगभग 15 महीनों में सबसे अधिक थी। इस दौरान 509 लोग एक ही दिन में संक्रमित पाए गए थे।
स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वर्तमान में शहर में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 26,536 पर स्थिर है। दिल्ली में नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों संख्या बढ़कर 20,13,938 हो गई है। शुक्रवार को 2,321 नमूनों की जांच की गई।
देश में एच3एन2 इन्फ्लुएंजा के मामलों में तेज वृद्धि के बीच दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में नए कोविड संक्रमणों की संख्या में तेजी देखी गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले सप्ताह कहा था कि दिल्ली सरकार कोविड मामलों में वृद्धि पर नजर रख रही है और किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। कोविड की स्थिति पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि फिलहाल चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है और सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
