Delhi Corona Update: दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस के संक्रमण के 564 नए मरीजों तथा एक संक्रमित की मौत की की पुष्टि हुई। संक्रमण दर 14.93 फीसदी रही। सरकार के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
कुल कितनी मौतें
कोविड के कारण एक और मौत के बाद राष्ट्रीय राजधानी में महामारी की वजह से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 26,627 हो गई है जबकि कुल मामले 20,38,317 पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एक दिन पहले 3778 नमूनों की जांच की गई थी। दिल्ली में बृहस्पतिवार को संक्रमण के 865 मामले मिले थे तथा सात लोगों की मौत हुई थी और संक्रमण दर 16.90 प्रतिशत थी। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बुलेटिन जारी नहीं किया था।
कितने बेड खाली
शनिवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 3,440 है। इनमें से 2,603 मरीज घर में पृथक-वास में हैं।
आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित 7970 बिस्तरों में से सिर्फ 279 पर ही मरीज भर्ती हैं।
भारत का हाल
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,171 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 4.49 करोड़ के पार हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 51,314 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 40 और मरीजों की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 5,31,508 हो गई है। इनमें वे 15 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। वहीं, देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.70 प्रतिशत है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
