दिल्ली

आजादपुर मंडी की काया पलट करने को तैयार दिल्ली की रेखा सरकार, खुलेगी अटल कैंटीन और मिनी अस्पताल, 5 रुपये में भोजन के साथ होगा इलाज

दिल्ली में स्थित एशिया की सबसे बड़ी थोक सब्जी मंडी आजादपुर मंडी की काया पलटने की तैयारी की जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने मंडी के दौरे के दौरान इसकी सूरत बदलने के साथ अटल कैंटीन और मिनी अस्पताल खोलने की घोषणा की।

Image

आजादपुर मंडी की काया पलट करने को तैयार दिल्ली की रेखा सरकार

Photo : Twitter

Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एशिया की सबसे बड़ी थोक सब्जी मंडी 'आजादपुर मंडी' का दौरा किया। सीएम के साथ कैबिनेट मिनिस्टर कपिल मिश्रा और आदर्श नगर विधायक राज भाटिया मौजूद थे। अपने इस दौरे में सीएम रेखा गुप्ता ने मंडी की बदहाल स्थिति को देखते हुए नाराजगी जताई। मंडी की सूरत में सुधार करने के साथ यहां एक अटल कैंटीन और मिनी अस्पताल खोलने का ऐलान किया।

भ्रष्टाचार और लापरवाही से तबाह हुई मंडी

सीएम ने आजादपुर मंडी का दौरा करते हुए उसकी बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण मंडी तबाह हो गई है। लेकिन, अब मंडी की सूरत बदली जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और किसानों का हितैषी बनाना है।

बदलेगी आजादपुर मंडी की सूरत

सीएम ने कहा कि मंडी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा बेहतर होगी। इससे मंडी में आने-जाने वाले ट्रकों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि मंडी में अटल कैंटीन और मिनी अस्पताल खोला जाएगा। इस मजदूरों को इलाज के साथ 5 रुपये में पेट भर खाना मिलेगा।

मंडियों में मेहनत से समृद्धि की गूंज सुनाई देनी चाहिए

सीएम ने आजादपुर मंडी के दौरे के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि "एशिया की सबसे बड़ी थोक सब्जी मंडी, आजादपुर मंडी का दौरा कर व्यापारियों, किसानों और आढ़तियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।अब मंडियों का मॉडर्नाइजेशन होगा एवं सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली की मंडियांं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और किसान हितैषी बनें।"

अपने पोस्ट में सीएम रेखा गुप्ता ने आगे लिखा कि "पिछली सरकार में मंडियों का विकास नहीं हुआ, बल्कि ये भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई थीं। जिन मंडियों में किसानों और व्यापारियों की मेहनत से समृद्धि की गूंज सुनाई देनी चाहिए थी, वहां अब अव्यवस्था और गंदगी ने जगह बना ली। सुरक्षा का अभाव, सफाई व्यवस्था चरमराई हुई और सड़कें जर्जर हैं।"

सीएम ने व्यापारियों से पूछा 'सेब तुर्किये का तो नहीं है?'

आजादपुर मंडी के अपने दौरे के समय सीएम ने सेब बेचने वाले व्यापारियों से पूछा कि उनके सेब तुर्किये के तो नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेब अच्छे हैं तो तुर्किये वालों के सेब नहीं लेना। इस पर वहां मौजूद लोगों ने तुर्किये के सामान का विरोध किया। सीएम ने उन व्यापारियों को धन्यवाद किया, जिन्होंने तुर्किये से व्यापार बंद किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article