Delhi Cab Driver Arrested: दिल्ली के मौरिस नगर में एक कॉलेज छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में 48 वर्षीय रैपीडो ड्राइवर लोम शंकर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार को हुई थी, जब 22 वर्षीय छात्रा कॉलेज जाने के लिए रैपीडो बुक कर रही थी। रास्ते में ड्राइवर ने उसे आगे की सीट पर बैठने के लिए कहा और उसके बाद अंत में उससे अश्लील हरकत की। छात्रा ने बीच रास्ते में गाड़ी छोड़ दी और क्रांति चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क किया। ड्राइवर मौके से भाग गया था। पुलिस ने रैपीडो से जानकारी लेकर आरोपी को बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने बताया कि घटना के समय छात्रा सतर्क रही और तुरंत पुलिस से मदद ली। रैपीडो की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यात्रा रद्द न करने का अनुरोध
पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु की रहने वाली 22 वर्षीय छात्रा दो महीने पहले ही दिल्ली में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिला लेने आई थी। सोमवार सुबह अपनी कक्षाओं के लिए देर होने के कारण उसने एक रैपीडो कैब बुक की। अनुमानित आगमन समय ऐप पर 10 मिनट दिखा रहा था, लेकिन ड्राइवर लोम शंकर ने फोन करके यात्रा रद्द न करने का अनुरोध किया और कहा कि वह रास्ते में है।
ऐसे बचाई छात्रा ने अपनी आबरू
पुलिस ने बताया कि कैब में बैठने के बाद शंकर ने छात्रा को आगे की सीट पर बैठने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया और पीछे की सीट पर बैठ गई। इसके बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर उसे छूने की कोशिश की और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध और शोर मचाने के बावजूद ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी नहीं रोकी। कुछ दूरी तय करने के बाद छात्रा ने गाड़ी रोकी और उतरकर भाग गई।
आरोपी हुआ गिरफ्तार
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और मलकागंज निवासी शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया। कैब भी जब्त कर ली गई, और फोरेंसिक टीम ने वाहन की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। रैपीडो के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ड्राइवर के कथित दुर्व्यवहार की स्पष्ट निंदा करती है और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेगी।
यात्रा से पहले वाहन व ड्राइवर के विवरण की जांच
जानकारी के मुताबिक, शिकायत के तुरंत बाद कंपनी की सुरक्षा और सहायता टीमों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया और आरोपी को पुलिस के हवाले किया। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कई सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जैसे रात 10 बजे के बाद सुरक्षा कॉल, 24×7 ऐप सहायता, और यात्रा से पहले वाहन व ड्राइवर के विवरण की जांच के लिए सुरक्षा अनुस्मारक।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
