Delhi BMW Car Accident: नवनूर सिंह ने कभी नहीं सोचा होगा कि इस बार का 16 सितंबर को आने वाला जन्मदिन उनके लिए दुखों का पहाड़ लेकर आएगा। उनके खास दिन से ठीक पहले, उनके पिता नवजोत सिंह की एक दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनकी मां संदीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वित्त मंत्रालय के अधिकारी और हरि नगर निवासी नवजोत सिंह को रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे रिंग रोड पर एक BMW कार ने टक्कर मार दी। वे मोटरसाइकिल से पत्नी संग जा रहे थे। इनमें उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी को कई चोटें आईं और फ्रैक्चर हुआ है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नवजोत सिंह की अपने बेटे के 21वें जन्मदिन से ठीक पहले एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
पहली सैलरी से देना चाहता था गिफ्ट
अपने 21वें जन्मदिन पर नवनूर ने याद किया कि कैसे उनके माता-पिता दोस्तों की तरह रहे हैं। उन्होंने TOI को बताया कि हाल ही में काम शुरू करने के बाद उन्होंने अपनी पहली सैलरी से उनके लिए गिफ्ट देने का प्लान बनाया था। अब, वह अस्पताल में हैं और इस दुख और इस सच्चाई से जूझ रहे हैं कि उनके पिता उनके द्वारा चुने गए गिफ्ट कभी नहीं देख पाएंगे।
नवनूर ने बताया, 'वे माता-पिता से ज्यादा दोस्त जैसे थे। वे हर वीकेंड पर छोटी-छोटी डेट पर बाहर जाते थे। मेरे पिताजी काम पर कार से जाते थे, लेकिन जब मां को बाहर ले जाने की बात आती थी, तो वे बाइक को चुनते थे।'
माता-पिता ने हाल ही में मनाई थी सालगिरह
परिवार ने 1 सितंबर को नवजोत और संदीप की 23वीं शादी की सालगिरह मनाई थी। उनके बेटे ने याद करते हुए कहा, 'मेरे माता-पिता पहले सबसे अच्छे दोस्त थे। उन्हें एक-दूसरे का साथ बहुत पसंद था। हम चार पीढ़ियों से यहां रह रहे हैं। मेरे परदादा ब्रिटिश भारतीय सेना में सेवारत थे और मेरे दादा, जो 85 वर्ष के हैं वह भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।'
क्या गिफ्ट देना चाहता था नवनूर
बेटे नवनूर के लिए सबसे दुखद बात यह है कि उनके पिता उनके लिए चुने गए गिफ्ट अब कभी नहीं देख पाएंगे। नवनूर ने अपने पिता के लिए एक घड़ी और अपनी मां के लिए झुमके खरीदने का फैसला किया था।
बता दें कि काम से टक्कर मारने वाली गगनप्रीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। लगाई गई धाराओं में धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125बी (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य), 105 (गैर इरादतन हत्या) और 238 (अपराध के सबूत मिटाना, या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना) शामिल हैं। वह फिलहाल दो दिन की न्यायिक हिरासत में है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
