दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने आज यानी मंगलवार 14 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का नाम लिए बिना पार्टी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गाली गलौज वाली पार्टी को आभास हो गया है कि वह दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार रहे हैं। इसे देखते हुए उन्होंने दिल्ली में पैसे और सोने की चेन बांटना शुरू किया, लेकिन उनकी ही पार्टी के लोग ये भी खा गए।
आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर ताबड़तोड़ आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ये लोग दिल्ली वो मतदाताओं को खरीदने के लिए उनके बीच कंबल और चादर बांट रहे हैं। उनके बीच पैसे बांट रहे हैं और अब तक सोने की चेन भी बांटी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब इनके नेताओं को लगने लगा कि वह चुनाव नहीं जीतेंगे तो पार्टी की तरफ से आ रहे फ्रीबीज को ही खा गए।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा कि तरफ से दिल्ली के वोटरों के लिए 10-10 हजार रुपये आए, लेकिन उनके नेताओं ने सारे पैसे डकार लिए। कुछ लोगों ने जब इनके दफ्तर जाकर पूछा तो उन्हें 1000-1000 रुपये पकड़ा दिए। इसके अलावा कुछ कॉलोनियों में कंबल और कुछ में चादरें बांटी, बांकी सब खा गए। यही नहीं पार्टी की तरफ से मतदाताओं को लुभाने के लिए सोने की चेन दी गई, उनके नेता इसे भी खा गए।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आम जनता से कहा कि वह भाजपा की तरफ से मिलने वाले सभी फ्रीबीज को जरूर लें। अगर उनके नेता नहीं दे रहे हैं तो उनके दफ्तर जाकर उनसे लें। उन्होंने कहा, भाजपा के लोग कह रहे हैं कि वह दिल्ली के वोटों को खरीद लेंगे, लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आप उनसे सब कुछ फ्री में ले लें, लेकिन उन लोगों को वोट मत देना।
हमारा वोट हीरे से भी ज्यादा कीमती
उन्होंने कहा, हमारा वोट बहुत कीमती है, हमारा वोट हीरे से भी ज्यादा कीमती है। उन्होंने कहा, मैं दिल्ली की जनता से अपील करना चाहता हूं कि जो ये बांट रहे हैं ले, इनके दफ्तर में जाकर लड़-झगड़कर ले लो। लेकिन अपना वोट मत बिकने देना। मेरी जनता से अपील है, मैं ये नहीं कह रहा आम आदमी पार्टी को वोट दो। मेरी अपील है कि जो पैसे बांटे, साड़ी बांट, कंबल बांटे, उसे तो वोट कतई मत देना। ये देश के गद्दार हैं। इन्हें इतना अहंकार हो गया है कि इन्हें लगता है कि ये देश को खरीद सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा, जो पैसे बांटे, उनसे सब कुछ ले लो, उनका पैसा बर्बाद कर दो इस बार। इनसे और पैसा खर्चवाओ, इनका सारा पैसा लुटवा दो। वोट मत देना इनको। साबित कर दो इनको कि दिल्ली की जनता को खरीदा नहीं जा सकता। इन पैसे वालों को इन बेईमानों को बता दो इस बार, इन गुंडों को बता दो इस बार कि दिल्ली के लोग बिकाऊ नहीं हैं। इन लोगों को अहंकार हो गया है कि इन्हें दिखा दो इस बार कि भारत का जनतंत्र बिकाऊ नहीं है।
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को वोट मत देना
अरविंद केजरीवाल ने साथ ही कहा कि अगर आम आदमी पार्टी का कोई कैंडिडेट पैसा बांटे, सामान बांटे तो उसे वोट मत देना। उसको भी हरा देना। हम यहां पर चुनाव जीतने और चुनाव हराने के लिए नहीं आए हैं। हम देश बदलने के लिए आए हैं, इस सड़ी-गली व्यवस्था को बदलने के लिए आए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
