Delhi Airport: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते गतिरोध के कारण देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों पर उड़ानों को लेकर संशय बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर समेत अन्य सीमावर्ती राज्यों में स्थित करीब 32 एयरपोर्ट को 15 मई तक अस्थाई रूप से सामान्य यात्रियों के परिचालन के लिए बंद कर दिया गया है। इधर, दिल्ली हवाई अड्डे ने कहा है कि उसका परिचालन सामान्य है और हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों समेत कड़ी सुरक्षा के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ट्रैवल एडवाइजरी करते हुए कहा दिल्ली एयरपोर्ट पर परिचालन फिलहाल सामान्य है। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के आदेशों के अनुसार सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण, कुछ उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित हो सकते हैं और सुरक्षा जांच बिंदुओं पर प्रक्रिया का समय लंबा हो सकता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करने वाली दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है, जबकि हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और कड़ी सुरक्षा के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
डायल ने कहा कि कृपया नवीनतम अद्यतन के लिए अपनी विमानन कंपनी से संपर्क करें। हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और असत्यापित जानकारी साझा करने से बचें। हम किसी भी असुविधा को कम करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
दिल्ली हवाई अड्डे पर 138 उड़ानें रद्द
बहरहाल, दिल्ली हवाई अड्डे पर विभिन्न एयरलाइन ने शुक्रवार को आने-जाने वाली 138 उड़ानें रद्द कर दी थी। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर हवाई अड्डों पर भी सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं। सुबह पांच बजे से दोपहर दो बजे के बीच कुल 66 घरेलू प्रस्थान और 63 आगमन तथा 5 अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान और चार आगमन उड़ानें रद्द कर दी गईं थी। 'डायल' ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हालांकि, हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और सुरक्षा उपायों के कारण कुछ उड़ानों का कार्यक्रम और सुरक्षा प्रक्रिया का समय प्रभावित हो सकता है। 'डेल्ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड' (डायल) देश के सबसे बड़े और व्यस्ततम हवाई अड्डा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) का संचालन करता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
