सरकारी दफ्तरों में वर्कफ्रॉम
दिल्ली में वायु प्रदूषण को देखते हुए, केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे दिल्ली में स्थित कार्यालयों के लिए अलग-अलग समय अपनाएं। सरकारी कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक और सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक खुलेंगे। वहीं, दिल्ली सरकार, सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति और 50 फीसदी के लिए वर्क फ्रॉम होम का आदेश पहले ही जारी कर चुकी है। कर्मचारियों के लिए यह प्रक्रिया रोटेशन में अपनाई जाएगी।
ग्रेप-4 लागू
दिल्ली में वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर को देखते हुए ग्रेप-4 लागू है। वायु प्रदूषण के कारण दिल्ली के सभी स्कूल और कॉलेज बंद हैं। साथ ही बीएस 3 पेट्रोल और बीएस 4 डीजल एलएमवी (4 पहिया वाहन) के संचालन पर प्रतिबंध है। प्रतिबंध को लागू कराने के लिए परिवहन विभाग की 84 टीम और ट्रैफिक पुलिस की 280 टीम लगाई गई है। इन पाबंदियों का उल्लंघन करने पर 20,000 रुपया जुर्माना है। दिल्ली सरकार का कहना है कि प्रदूषण कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए 106 शटल बस सेवा शुरू की गई है। मेट्रो ट्रेन 60 अतिरिक्त फेरे लगा रही है। धूल और वायु प्रदूषण रोकने के लिए निर्माण कार्यों पर भी रोक है।
इसकी निगरानी के लिए संबंधित विभाग की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। सड़कों की मशीनीकृत सफाई के समय को बढ़ाया गया है। सड़कों पर सफाई के लिए 65 एमआरएस मशीनें एमसीडी की तरफ से चलाई जा रही हैं। अब इनका समय बढ़ाकर 6 बजे सुबह से 4 बजे शाम तक कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
