आज का मौसम दिल्ली, 14 May 2025 Delhi mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बीते दिनों हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया था, लेकिन अब यह राहत खत्म होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बढ़ते तापमान को लेकर चेतावनी जारी की है। हाल के दिनों में दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश ने तापमान को थोड़ा कम कर दिया था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। आज से दिल्ली, नोएडा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिनों में राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 13 से 19 मई के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को कठिनाई हो सकती है। आज आसमान में बादल तो रहेंगे, लेकिन गर्मी में कोई राहत नहीं मिलेगी। IMD के अनुसार, 16 मई को दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि इससे उमस बढ़ सकती है, जिससे मौसम और अधिक असहज हो सकता है। इससे पहले, अगले दो दिनों तक दिल्ली को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
आज हवाओं की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में तापमान काफी गर्म रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसका मतलब है कि दिन ही नहीं, रात में भी गर्मी का एहसास बना रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 15 और 16 मई को बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि 16 मई को बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। इससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज का तापमान
दिल्ली में आज का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहेगा, साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 156 दर्ज किया गया है। नोएडा और गाजियाबाद में भी तापमान समान रहेगा, यानी 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम, लेकिन AQI क्रमशः 123 और 137 दर्ज किया गया है। वहीं, गुरुग्राम में तापमान थोड़ा कम रहेगा—39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 25 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम, जबकि AQI 130 रहेगा। इन शहरों में मौसम गर्म और वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
