Delhi News: दिल्ली के अशोक विहार इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सीवर की सफाई के दौरान 4 सफाई कर्मचारी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। जिससे 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 अन्य बीमार हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तीन कर्मचारियों की हालत गंभीर
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे अशोक विहार फेज-2 स्थित हरिहर अपार्टमेंट के पास हुई। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया, “सीवर की सफाई के दौरान बेहोश हुए लोगों को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी अरविंद के रूप में हुई है।” उन्होंने बताया कि अन्य तीन लोग- कासगंज निवासी सोनू और नारायण, और बिहार निवासी नरेश का आईसीयू में इलाज किया जा रहा है।
निर्माण कंपनी के मैनेजर को पूछताछ के लिए बुलाया
पुलिस के अनुसार, ये सभी एक निर्माण कंपनी के लिए काम कर रहे थे, जो पिछले कई दिनों से इस इलाके में सीवर की सफाई कर रही थी। घटना के तुरंत बाद मौके पर एक फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि निर्माण कंपनी के प्रबंधक को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। अधिकारी ने कहा, “प्रारंभिक जांच के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) (लापरवाही से मृत्यु), 289 (मशीनरी के संबंध में लापरवाही जो मानव जीवन के लिए खतरा है) और 337 (दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में जालसाजी) तथा ‘हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013’ के तहत मामला दर्ज किया गया है।”
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
