Kite Flying Safety in Delhi: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में पतंगबाजी के दौरान एक बार फिर से जानलेवा मांझे का खतरनाक इस्तेमाल सामने आया है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों की जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। 15 अगस्त के बाद दिल्ली और फरीदाबाद में मांझे से गला कटने के दो मामले सामने आ चुके हैं। बीते वर्षों में भी तेज धार वाले मांझे की वजह से सैकड़ों बाइक और स्कूटर सवार घायल हुए हैं, जिनमें से कई की जान चली गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मांझा सामान्य सूती धागे की तुलना में लगभग 10 गुना ज्यादा मजबूत होता है और इसकी धार इतनी तेज होती है कि यह चाकू की तरह शरीर को काट सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अजय लेखी के अनुसार, यह मांझा गले की पतली नसों को काट सकता है, जिससे गंभीर रक्तस्राव और जानलेवा स्थिति बन सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ऐसे जानलेवा मांझे की बिक्री और उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाए।
यह मांझा गले और चेहरे पर गहरे कट, आंखों की स्थायी क्षति और वाहन का संतुलन बिगड़ने से गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। इससे बचने के लिए एंटी-मांझा गार्ड लगवाने, फुल फेस हेलमेट पहनने और पतंगबाजी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। हालांकि दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में इस पर प्रतिबंध लगाया गया है, फिर भी यह मांझा अब भी ऑनलाइन और छिपकर बेचा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इसकी अवैध बिक्री और उपयोग की जानकारी तुरंत साझा करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
