दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम का एक्शन, 3.3 KG कोकीन जब्त; यहां सप्लाई की थी तैयारी

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 करोड़ से ज्यादा की कोकीन जब्त की है। कोकीन को एन्टेबे (युगांडा) से शारजाह के रास्ते नई दिल्ली लाया गया। इसका मकसद राष्ट्रीय राजधानी में नशे का जाल फैलाना बताया जा रहा है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के पास से 3.3 किलो कोकीन जब्त की है। इस कोकीन की कीमत 46.44 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कोकीन को एन्टेबे (युगांडा) से शारजाह के रास्ते नई दिल्ली लाया गया। इसका मकसद राष्ट्रीय राजधानी में नशे का जाल फैलाना बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी भारतीय नागरिक 23 साल का है। दरअसल, फ्लाइट नंबर जी9-463 से यात्रा कर युवक एन्टेबे (युगांडा) से शारजाह होते हुए नई दिल्ली पहुंचा था। एयरपोर्ट पर युवक जब ग्रीन चैनल से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों को उसकी गतिविधियां असामान्य लगीं। शक के आधार पर अधिकारियों द्वारा उसे तुरंत रोका गया और उसका बैग स्कैन किया गया। एक्स-रे जांच में उसके बैग में कुछ संदिग्ध दिखा।

Customs seizes cocaine at IGI airport

(सांकेतिक फोटो)

जांच को और गंभीरता से लेते हुए युवक को तत्काल प्रिवेंटिव रूम ले जाया गया, जहां दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग के किनारों में छिपाए गए छह पैकेट मिले, जिनमें सफेद रंग का पाउडर था। अधिकारियों को शक हुआ कि यह मादक पदार्थ हो सकता है। ऑफिस में मौजूद एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पाउडर कोकीन निकला।

End of Feed