CUET UG 2025: दिल्ली-NCR में क्या दोबारा होगी परीक्षा? छात्रों ने NTA के सामने रखी डिमांड

CUET UG 2025 परीक्षा के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर के कई परीक्षा केंद्रों पर ट्रैफिक जाम और अन्य कारणों के कारण कई छात्र समय पर नहीं पहुंच पाए, जिसके चलते उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। इस स्थिति को लेकर छात्रों और उनके अभिभावकों ने एनटीए से परीक्षा पुनः आयोजित करने की मांग की है। CUET UG 2025 परीक्षा 13 मई से 3 जून तक आयोजित की जा रही है।

दिल्ली : सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2025 की पहली परीक्षा के दिन दिल्ली-एनसीआर के कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को निर्धारित समय से पांच मिनट देरी से पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 10 से 15 छात्र परीक्षा में भाग लेने से वंचित रह गए। हालांकि, छात्रों और उनके अभिभावकों ने केंद्रों के बाहर आधे घंटे तक अधिकारियों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। देरी के कारणों में ट्रैफिक डायवर्जन, सार्वजनिक परिवहन की देरी और गूगल मैप पर गलत दिशा-निर्देश शामिल थे, जो छात्रों के नियंत्रण से बाहर थे।

cuet exam 2025

(सांकेतिक फोटो)

दैनिक जागरण की खबर के हवाले से प्रयागराज की छात्रा अनन्या त्रिपाठी ने बताया कि वह एक घंटे पहले निकलने के बावजूद जाम के कारण 10 मिनट देरी से पहुंचीं और प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने एनटीए से परीक्षा पुनः आयोजित करने की मांग की। ग्रेटर नोएडा के अनमोल भाटी को ऑटो रिक्शा चालक की गलती से गलत केंद्र पर छोड़ दिया गया, जिससे वे भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। कई छात्रों को पंजीकरण के दौरान पास के केंद्रों के बजाय 60 से 200 किलोमीटर दूर केंद्र आवंटित किए गए।

End of Feed