दिल्ली : सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2025 की पहली परीक्षा के दिन दिल्ली-एनसीआर के कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को निर्धारित समय से पांच मिनट देरी से पहुंचने के कारण प्रवेश नहीं दिया गया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 10 से 15 छात्र परीक्षा में भाग लेने से वंचित रह गए। हालांकि, छात्रों और उनके अभिभावकों ने केंद्रों के बाहर आधे घंटे तक अधिकारियों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। देरी के कारणों में ट्रैफिक डायवर्जन, सार्वजनिक परिवहन की देरी और गूगल मैप पर गलत दिशा-निर्देश शामिल थे, जो छात्रों के नियंत्रण से बाहर थे।
दैनिक जागरण की खबर के हवाले से प्रयागराज की छात्रा अनन्या त्रिपाठी ने बताया कि वह एक घंटे पहले निकलने के बावजूद जाम के कारण 10 मिनट देरी से पहुंचीं और प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने एनटीए से परीक्षा पुनः आयोजित करने की मांग की। ग्रेटर नोएडा के अनमोल भाटी को ऑटो रिक्शा चालक की गलती से गलत केंद्र पर छोड़ दिया गया, जिससे वे भी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। कई छात्रों को पंजीकरण के दौरान पास के केंद्रों के बजाय 60 से 200 किलोमीटर दूर केंद्र आवंटित किए गए।
बहादुरगढ़ से आए धर्मेंद्र सिंह को भी गलत जगह छोड़ने के कारण दो किलोमीटर दौड़ लगानी पड़ी। कई परिवार 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर परीक्षा केंद्र पहुंचे, लेकिन निराशा हाथ लगी। अभिभावकों के लिए केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव भी देखा गया।सीयूईटी यूजी 2025 परीक्षा 13 मई से 3 जून तक देशभर और कुछ अंतरराष्ट्रीय केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसमें 37 विषय शामिल हैं, जो 13 भाषाओं में आयोजित किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
