दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाते हुए विपक्षी कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा किया है। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का कहना है कि भाजपा और चुनाव आयोग की कथित 'वोट चोरी' में कांग्रेस की चुप्पी सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दिल्ली में मतदाता सूची से नाम काटने, गुजरात में AAP प्रत्याशी को हाउस अरेस्ट करने और चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में वोटों से छेड़छाड़ जैसे मामलों पर कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने वोट चोरी के लिए कांग्रेस को भी ठहराया जिम्मेदार
प्रियंका कक्कड़ के अनुसार, दिल्ली की 14 विधानसभाओं में भाजपा द्वारा वोट काटने की याचिकाएं दायर की गईं, जिसमें शाहदरा विधानसभा से ही 11,018 नाम हटाने की मांग की गई। इस पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को तीन हजार पन्नों के सबूत सौंपे, लेकिन आयोग उस पर अब तक खामोश है। उन्होंने कहा कि यही खामोशी अब बिहार में SIR प्रक्रिया के दुरुपयोग का कारण बनी है, जिसके तहत असली मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और नकली वोटर जोड़े जा रहे हैं।
AAP प्रवक्ता ने चिंता जताई कि बिहार में 38 में से 28 जिले बाढ़ग्रस्त हैं, जहां लोगों के पास साक्षरता और संसाधनों की कमी है। इस बीच, बूथ लेवल अधिकारी नागरिकता की जांच के नाम पर फॉर्म इकट्ठा कर रहे हैं, जबकि यह अधिकार सिर्फ केंद्र सरकार के पास है। चुनाव आयोग ने हाल ही में 65 लाख नाम मतदाता सूची से हटाने का दावा किया, जिनमें से लाखों के बारे में ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है।
प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि आयोग ने अपनी वेबसाइट से बिहार और उत्तर प्रदेश का डिजिटल डेटा हटा दिया है, ताकि गड़बड़ियां उजागर न हों। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बिहार के बाल्मीकिनगर में ‘डॉग बाबू’, ‘कैट कुमार’ और यहां तक कि ‘डोनाल्ड ट्रंप’ जैसे नामों को वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है।
AAP प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी का एक वैध तरीका तैयार किया है, जैसे पहले इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए काले धन को वैध किया गया था। प्रियंका ने देशवासियों से अपील की है कि वे पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर इस कथित धोखाधड़ी के खिलाफ एकजुट हों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सवाल पूछें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
