Anurag Thakur: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सूरत पहुंच रहे हैं। मोदी सरनेम मामले में वह निचली अदालत के फैसले को चुनौती देंगे। उनके साथ प्रियंका गांधी और कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्री भी हैं। इसके अलावा गुजरात कांग्रेस के छोटे-बड़े नेता भी सूरत अदालत के सामने पहुंच चुके हैं।
दूसरी तरफ, भाजपा इसे कांग्रेस का अनावश्यक शक्ति प्रदर्शन करार दे रही है। इसी को लेकर भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे पहले भी कई नेताओं, सांसदों व विधायकों की सदस्यता ऐसे ही मामलों में जा चुकी है, लेकिन राहुल गांधी के समय में कांग्रेस ने यह पूरा ड्रामा रचा है।
तीन साल से मुकदमा चल रहा था, तब क्यों नहीं आए
अनुराग ठाकुर ने कहा, पिछले तीन सालों से यह मुकदमा चल रहा था। तब राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सभी नेताओं को क्यों नहीं लाई। उन्होंने कहा, कांग्रेस को उसी दिन पता था, जिस समय राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई गई कि उनकी सदस्यता चली जाएगी। कांग्रेस नेता तब ही माफी मांग सकते थे या उसी दिन अपील करने जा सकते थे, क्यों नहीं गए।सभी मुख्यमंत्रियों का काम छुड़वाकर यहां ले आए
राहुल गांधी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के भूपेश बघेल और हिमाचल प्रदेश के सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी पर भी केंद्रीय मंत्री ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, आखिर कांग्रेस किसके ऊपर दबाव बनाना चाहती है, वे किसको डराना चाहते हैं, जो तीन-तीन राज्य के मुख्यमंत्रियों को काम-काज छुड़वाकर यहां लाना चाह रहे हैं।संस्थाओं को बदनाम कर रही कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री ने कहा, कांग्रेस स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का काम कर रही है। वह इन संस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है और दुख इस बात का है जो राजनीतिक दल 70 वर्ष सत्ता में रहा हो वह देश की संसद को और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने से पीछे नहीं हट रहा। उन्होंने कहा, एक बार नहीं बार-बार पिछड़ों का अपमान करने का काम कांग्रेस और राहुल गांधी ने किया है। पिछड़ों से माफ़ी तो नही मांगी, उन्हें डराने दबाने का काम, हल्ला करने का काम संसद सत्र को खराब करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विदेशी ताकतों से मदद मांगने का काम किया है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
