Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पानी की आपूर्ति, यमुना की सफाई और सीवर एक अहम मुद्दा बना हुआ है। रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार लगातार इसके के लिए कार्य कर रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज यानी बुधवार, 30 अप्रैल को दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में सीवर बुनियादी ढांचे में सुधार, यमुना नदी की सफाई और पानी की पर्याप्त आपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
सरकार करेगी पानी की लाइन बदलने का कार्य
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली जल बोर्ड मुख्यालय ‘वरुणालय’ में बैठक के बाद कहा कि पानी का समान वितरण, शहर में उचित सीवरेज बुनियादी ढांचा और पुरानी तथा क्षतिग्रस्त सीवर और पानी की लाइनों को बदलने का काम सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, “हमने हर साल गर्मियों में शहर के सामने आने वाली चुनौतियों के कारणों का जायजा लिया है। इसमें पानी की आपूर्ति, यमुना नदी की सफाई और सीवर प्रबंधन। ये सभी आपस में जुड़े हुए हैं। दिल्ली में अब भी 30 साल पुरानी सीवर और पानी की पाइपलाइन हैं जो बड़ी समस्याएं पैदा कर रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जीपीएस लगे पानी टैंकरों, पानी की उपलब्धता के मुद्दों और सभी अनधिकृत कॉलोनियों में सीवरेज बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर भी बैठक में चर्चा हुई। गुप्ता ने कहा कि पानी का समान वितरण तथा निवासियों को नल से जल उपलब्ध कराने की योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
लंबे समय से नहीं बदली जलापूर्ति प्रणाली
मुख्यमंत्री ने कहा, "पिछले 30 सालों में शहर की आबादी बढ़ी है, लेकिन सीवर प्रबंधन प्रणाली और जलापूर्ति प्रणाली को नहीं बदला गया है। मौजूदा बुनियादी ढांचा विकास के अनुरूप नहीं रहा है, इसलिए लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हम पूरे बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं, जो पिछली सरकारों द्वारा नहीं किया गया था।"
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
