दिल्ली

ट्रैफिक जाम अलर्ट: कल छठ पर दिल्ली में स्कूल-कॉलेज की छुट्टी, इन इलाकों में जाने से बचें

कल नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ पर्व में आज यानी बुधवार को खरना है और फिर 36 घंटे का व्रत शुरू होगा। कल यानी गुरुवार 7 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए दिल्ली-एनसीआर में कई घाट बनाए गए हैं। कल छठ घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ सकता है।

Image

छठ पर जाम का झाम

Photo : PTI

छठ की छठा हर तरफ बिखरने लगी है। कल यानी मंगलवार 5 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत हो चुकी है। आज यानी बुधवार 6 नवंबर को खरना है और शाम को प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत भी शुरू हो जाएगा। कल यानी गुरुवार 7 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और शुक्रवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन होगा। छठ के अवसर पर दिल्ली में गुरुवार 7 नवंबर को स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की गई है। लेकिन इससे ट्रैफिक की समस्या दूर होने वाली नहीं है। बल्कि दोपहर से ही व्रती छठ घाटों की ओर प्रस्थान करने लगते हैं, जिसके कारण कुछ इलाकों में भारी ट्रैफिक की समस्या हो सकती है। चलिए जानते हैं दिल्ली-एनसीआर के बड़े छठ घाट कहां-कहां पर हैं और आपको किन इलाकों में गुरुवार को दोपहर के बाद जाने से बचना चाहिए।

ये हैं दिल्ली-एनसीआर के 7 बड़े घाट

दिल्ली-एनसीआर में पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लोगों की एक बड़ी आबादी रहती है। यही वजह है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में छठ पर्व की धूम देखने लायक होती है और यहां की सरकारें इस अवसर पर सार्वजनिक छुट्टी की भी घोषणा करती हैं। दिल्ली और नोएडा के इन 7 प्रमुख छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ मनाने पहुंचते हैं -

यमुना घाटITO, नई दिल्ली
नोएडा स्टेडियम घाटसेक्टर 21A, नोएडा, उत्तर प्रदेश
कालिंदी कुंज घाटनोएडा, उत्तर प्रदेश
कुदेशिया घाटलद्दाख बुध विहार कॉलोनी, सीविल लाइंस, कश्मीरी गेट,नई दिल्ली
वजीराबाद पुल घाटवजीराबाद यमुना ब्रिज, वजीराबाद रोड, राजीव नगर, वजीराबाद, नई दिल्ली
पाल्म पार्कडेल्टा-1, डी रोड, डेल्टा 1 ब्लॉक ई रोड, ब्लॉक एफ, ग्रेटर नोएडा, यूपी
छठ मैया सूर्य घाटबुराड़ी, नई दिल्ली

यहां जाने से बचें

आप ऊपर टेबल तो देख ही चुके हैं। अगर बहुत जरूरी काम न हो तो गुरुवार को दोपहर के बाद इन इलाकों में न जाएं। अगर कोई जरूरी काम हो तो उसे सुबह के समय निपटा लें या अगले दिन के लिए टाल दें। दोपहर के बाद डूबते सूर्य को अर्घ्य देने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में इन घाटों की ओर कूच करेंगे।

दिल्ली में यहां मिलेगा जाम

गुरुवार को दोपहर के बाद लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जाने वाले रास्ते के साथ ही सेंट्रल दिल्ली से ITO की ओर आने वाले रास्तों पर भी भारी ट्रैफिक होगा। इसलिए अगर जरूरी न हो तो इस ओर न जाएं। यही हाल वजीराबाद का भी होगा। उत्तरी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली से सिग्नेचर ब्रिज की ओर आने-जाने वाले रास्तों पर आपको भारी जाम मिल सकता है। इसलिए कोशिश करें कि दोपहर के बाद इन रास्तों पर निकलने से बचें।

कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास लद्दाख बुध विहार कॉलोनी में भी छठ घाट बनाया गया है। गुरुवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भी आएंगे। इसलिए सिविल लाइंस, मजनूं का टीला, तीस हजारी, पूर्वी दिल्ली और ITO की ओर से आने वाले रास्तों पर जाम की समस्या हो सकती है। बुराड़ी के छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे ऐसे में मुखर्जी नगर, शालीमार बाग, रोहिणी, खेड़ा कलां, अलीपुर, मुकुंदपुर, जहांगीपुरी की तरफ से आने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

नोएडा में भी जाम का झाम

बड़ी संख्या में श्रद्धालु नोएडा सेक्टर 94 के पास कालिंदी कुंज घाट पर भी छठ करने आएंगे। इस दौरान सेक्टर 44 से कालिंदी कुंज की ओर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से इस ओर आने जाने वाले और दिल्ली से कालिंदी कुंज पुल के जलिए नोएडा की आने-जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर 21A में मौजूद नोएडा स्टेडियम में भी छठ घाट बनाया गया है। गुरुवार को दोपहर बाद यहां तक आने-जाने वाले रास्तों पर भी जाम की समस्या हो सकती है। ग्रेटर नोएडा के डेल्टा -1 में मौजूद पाल्म पार्क में बनाए गए छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के चलते यहां भी आसपास के इलाकों में जाम की समस्या हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article