दिल्ली

Chhath Puja 2023: दिल्ली में छठ के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात, कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन जारी

Chhath Puja 2023- राजधानी दिल्ली में छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस ने बड़ी तैयारी की है। विभिन्न घाटों, आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ को मैनेज करने एवं किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है।

Image

दिल्ली में छठ पूजा के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात

Photo : BCCL

नई दिल्ली: 17 नवंबर को छठ पर्व मनाया जा रहा है। लिहाजा, राजधानी में छठ पूजा मनाने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती करने का बड़ा प्लान तैयार कर लिया है। दो बड़े रेलवे स्टेशनों पर विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और लोगों के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में लोगों की मदद के लिए महिलाओं समेत अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों, स्काउट्स और गाइड्स मौजूद रहेंगे।

छठ त्योहार के लिए 900 घाट

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पिछले दिनों राजधानी में छठ त्योहार के लिए 900 से अधिक घाट तैयार करने का दावा किया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ को कंट्रोल करने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक किया गया है। किसी को भी कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जो भी कानून के विपरीत जाकर आचरण करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डॉक्टर, एंबुलेंस और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर डॉक्टर, एंबुलेंस और मोबाइल शौचालय आदि की व्यवस्था की गई है। यमुना नदी के किनारों पर छठ पूजा मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र होंगे, इसके मद्देनजर भी दिल्ली पुलिस ने इंतजाम किए हैं। यमुना घाटों पर अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है साथ ही किनारों के आस-पास बाड़े और बैरिकेड लगाए गए हैं। हालांकि, गहरे पानी में जाने से छठ व्रतियों को रोका जाएगा, इसके लिए सतर्कता टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा गोताखोरों को भी किनारों पर तैनात किया गया है।

इन छठ घाटों पर सुरक्षा

उत्तर पूर्व दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जॉय तिर्की ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनात की जाएगी। कई स्थानों पर छठ घाट बनाए गए हैं, जिनमें आईटीओ पुल, कल्याणवास, कोंडली नहर, मयूर विहार फेज-तीन, वजीराबाद घाट, अशोक नगर-हिंडन कट नहर, भलस्वा झील, मॉडल टाउन, जहांगीरपुरी झील, सूर्या घाट, कुदेसिया घाट, सोनिया विहार, गीता कॉलोनी, कालिंदी कुंज, मंगोलपुरी, नगरवन पार्क और सागरपुर शामिल हैं। इन छठ घाटों पर लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए दिल्ली पुलिस प्रतिबद्ध है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!