दिल्ली

केंद्र ने अरबपति दोस्त के 46 हजार करोड़ माफ किए, किसानों और मिडिल क्लास के लोन माफ करें : केजरीवाल

दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत प्रचार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। आज यानी मंगलवार 28 जनवरी को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी भी लिखी है।

Image

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल

Photo : ANI

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज यानी मंगलवार 28 जनवरी को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के तहत दिल्ली की सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होना है। इसी के चलते आम आदमी पार्टी लगातार केंद्र की भाजपा सरकार पर हमलावर है। अरविंद केजरीवाल स्वयं बार-बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मिडिल क्लास और किसानों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश के चंद अमीरों की मदद करने का आरोप लगाया है।

अरबपति दोस्तों पर पैसे लुटा रही केंद्र सरकार

अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आते ही कहा, 'मैंने आज प्रधानमंत्री जी को एक बहुत ही अहम मुद्दे पर चिट्ठी लिखी है।' उन्होंने चिट्ठी दिखायी भी, इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे। केजरीवाल ने बताया, 'चिट्ठी में मैंने प्रधानमंत्री जी से निवेदन किया है कि भारतीय जनता पार्टी की जो केंद्र सरकार है, वह सरकारी खजाने से खुलेआम देश के कुछ चंद अमीर अरबपतियों को, उनके ऊपर पैसे लुटा रही है। ऐसा लगता है जैसे सारा सरकारी खजाना जनता के ऊपर खर्च करने की बजाय, सारा सरकारी खजाना कुछ चंद अरबपति दोस्तों पर लुटाया जा रहा है।'

अरबपति दोस्तों के 10 लाख करोड़ माफ किए

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, 'इसका तरीका ये है कि जिस भी अरबपति दोस्त पर मेहरबान होना होता है, पहले उसको सरकार से कर्जा दे देते हैं। और तीन-चार साल बाद उस कर्जे को माफ कर देते हैं। इस तरह से सरकारी खजाने से सारा पैसा उस अमीर अरबपति के खजाने में चला जाता है, उसके अकाउंट में चला जाता है। पिछले 5 साल में केंद्र सरकार ने 400-500 ऐसे अरबपति दोस्तों के 10 लाख करोड़ रुपये के कर्जे माफ कर दिए। एक तरफ जहां देश का गरीब आदमी, मिडिल क्लास आदमी महंगाई से जूझ रहा है, दूसरी तरफ केंद्र का सारा सरकारी खजाना 400-500 अरबपतियों के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है।'

उन्होंने आरोप लगाया, 'अभी कुछ दिन पहले अखबारों में आया कि इनके एक दोस्त पर 47 हजार करोड़ का कर्जा था। उन 47 में से 46 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए। एक और के ऊपर साढ़े छह हजार करोड़ का कर्जा था, उसमें 5 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए। ऐसे लग रहा है सब कुछ लुटाते जा रहे हैं।'

केजरीवाल ने कहा, मैंने दिल्ली में महिलाओं की बस यात्रा मुफ्त की, तो उस पर केवल 400 करोड़ रुपये खर्च हुए। उन्होंने एक ही आदमी पर 46 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए। महिलाओं की मुफ्त यात्रा का 10 गुना एक ही आदमी को दे दिए और हमने दिल्ली की 1 करोड़ महिलाओं की बस का सफर मुफ्त करने पर बस 400 करोड़ रुपये खर्च किए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article