Delhi News: राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी में सोमवार की सुबह बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ। अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुल्डोजर चल रहा है। सालों से गीता कॉलोनी में अतिक्रमण कर जिन ढांचों का निर्माण किया गया है, उसे हटाने का काम शुरू हो चुका है। पुलिसबल और अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
अवैध साईं मंदिर पर बुलडोजर एक्शन!
अवैध रूप से बनें साईं मंदिर पर भी बुलडोजर चल रहा है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से ये कार्रवाई की जा रही है। कुछ अवैध झुग्गियों को भी हटाया जा रहा है। बता दें, ये मंदिर करीब 30 साल पुराना है, जिसका निर्माण सरकारी जमीन पर हुआ था। पहले मंदिर 150 गज में था और अब इस कार्रवाई के बाद महज 30 गज जमीन पर ही मंदिर रहेगा। बताया जा रहा है कि कुछ मुर्तियों को पास ही यमुना में किया विसर्जित जाएगा।
कमिटी के सुझाव के बाद हो रही कार्रवाई
दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय सक्सेना के द्वारा बनाई गई रिलिजियस कमिटी के सुझाव के बाद पीडब्ल्यूडी की तरफ से ये कार्रवाई हो रही है। गीता कॉलोनी में भारी पुलिस फोर्स पैरामिलेट्री फोर्स के जवान तैनात है। कुछ देर के लिए रास्तों को कॉलोनी में बंद रखा गया है। लेबर चौक के हिस्से को भी कुछ समय के लिए बैरिकेडिंग से बंद किया गया है। यहां पर रहने वाले लोगों की तरफ से किसी भी तरह की कोई आपत्ति नहीं दर्ज की गई है।
सितंबर में जी20 का शिखर सम्मेलन
अगले महीने दिल्ली में जी20 का शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। दुनिया के 20 शक्तिशाली देशों के राष्ट्राध्यक्ष इसमें शिरकत करेंगे। G20 समिट को देखते हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ दिल्ली में एक्शन हो रहा है। ये जानकारी भी सामने आई है कि गीता कॉलोनी में झुग्गी बनाकर रह रहे लोगों को सरकार शेल्टर होम में भेज रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
