Delhi Car Accident: दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में दो कारों की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस टक्कर में चार लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मध्य दिल्ली में BMW से एक अन्य कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार को सुबह करीब 1.27 बजे चाणक्यपुरी में साइमन बोलिवर मार्ग के पास हुई।
दो कारों के बीच टक्कर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक नीली रंग की BMW कार और सफेद रंग की हुंडई क्रेटा के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि क्रेटा कार का चालक अंकित (21) और उसका मालिक चांद कुब्बा (31) गुरुग्राम निवासी धौला कुआं से करोल बाग जा रहे थे, जिस दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे में चार लोग घायल
वहीं, बीएमडब्ल्यू में सवार लोगों की पहचान वासु गर्ग (18) और राम नरेश (58) के रूप में हुई है, जो उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सिरसपुर के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि कार में सवार चार लोगों को चोटें आईं और उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच अपराध टीम ने की और पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि अंकित के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 125 ए (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
