Delhi: दिल्ली में भी नाम बदलने का सिलसिला शुरू होता दिख रहा है। भाजपा विधायक और दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने स्थानीय मतदाताओं की भावनाओं का हवाला देते हुए मुस्तफाबाद के नाम को बदलने का प्रस्ताव रखा है। जानकारी के अनुसार, मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर शिव विहार करने की बात की जा रही है। बता दें कि इस प्रस्ताव को कल के विधानसभा कार्यसूची में शामिल किया गया है। मुस्तफाबाद के नाम को बदलने का यह प्रस्ताव निजी सदस्य का प्रस्ताव है। यह कोई आधिकारिक सरकारी पहल नहीं है।
मुस्तफाबाद नाम बदलकर हो जाएगा शिव विहार
राज्य सरकार के पास नहीं विधानसभा क्षेत्र के नाम बदलने का अधिकार
जानकारी के लिए बता दें कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र के नाम बदलने का अधिकार राज्य सरकार के पास नहीं है। इसका अधिकार पूरी तरह से भारतीय चुनाव आयोग के पास है। इसका अर्थ ये है कि दिल्ली के मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलने का अधिकार भी चुनाव आयोग का होगा। इस प्रस्ताव पर विधानसभा में बहस हो सकती है। लेकिन नाम के परिवर्तन को लेकर मंजूरी चुनाव आयोग से लेनी होगी।
विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने की थी नाम बदलने की बात
दिल्ली भाजपा के सीनियर नेता और मुस्तफाबाद से नवनिर्वाचित विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने शपथ लेने के बाद निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदलकर शिव पुरी या शिव विहार रखने की बात की थी। बता दें कि बिष्ट ने मुस्तफाबाद में आदिल अहमद को 17,500 मतों से हराया था। यह एक मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्र है। इस स्थान पर जीत हासिल करने के बाद अब बिष्ट द्वारा इसके नाम को बदलने का प्रस्ताव रखा गया है।
विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि "मैं इलाके का नाम मुस्तफाबाद से बदलकर शिव पुरी या शिव विहार रखूंगा। मैंने पहले भी यह कहा है। मैं यह समझने में असफल हूं कि राजनीतिक दल मुस्तफाबाद नाम को बरकरार रखने पर क्यों अड़े हुए हैं। हिंदुओं के मुख्य निवास वाले इलाके का नाम शिव पुरी या शिव विहार क्यों नहीं रखा जा सकता? लोग 'मुस्तफा' नाम से परेशान हैं और इसे बदला जाना चाहिए। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि ऐसा हो।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
