दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में अपराध जगत को बड़ा झटका देते हुए स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने एक ही समय पर चलाए गए दो अभियानों में छह हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुख्यात बद्दा गैंग का सरगना कादिर @ बद्दा भी शामिल है, जिस पर यूपी पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 13 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्तौल, 2 देशी कट्टे, 5 मैगजीन, 87 जिंदा कारतूस, दो बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल की डाटा जांच में हथियार सप्लाई से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
पहली कार्रवाई
5 सितंबर को शाहदरा स्थित श्याम लाल कॉलेज के पास स्पेशल सेल ने छापेमारी की और मोहम्मद साइम उर्फ भोला को चार पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर साथी मोहम्मद कामिल भी पकड़ा गया। कामिल के पास से पिस्तौल, कट्टे और मैगजीन बरामद हुईं। दोनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं और लंबे समय से हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे।
दूसरी कार्रवाई
6 सितंबर को स्पेशल सेल ने गाजियाबाद और लक्ष्मी नगर इलाके में दबिश देकर चार और आरोपियों — नदीम, राशिद, कादिर उर्फ बद्दा और फराज — को गिरफ्तार किया। इनसे आठ पिस्तौल और 87 कारतूस मिले। कादिर उर्फ बद्दा का नाम कई संगीन वारदातों में सामने आ चुका है और उसने मेरठ में अपना गैंग खड़ा कर रखा था।
अपराधी बैकग्राउंड
पकड़े गए छहों आरोपी यूपी के मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद के रहने वाले हैं। इनमें से कई पर पहले से हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। खासतौर पर नदीम और फराज का लंबा आपराधिक इतिहास है, जबकि राशिद और कादिर हथियारों की सप्लाई में सक्रिय थे।
पुलिस की बड़ी कामयाबी
एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की निगरानी और इंस्पेक्टर सुनील कुमार, राहुल कुमार व विनीत कुमार तेवतिया की टीम ने यह अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके बाकी साथियों की तलाश में छापेमारी हो रही है। यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हथियार माफिया और अपराधियों पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस का दावा है कि इससे गैरकानूनी हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
