दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में लीडर ऑफ अपोजिशन आतिशी दिल्ली विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रही हैं। विधानसभा परिसर से बाहर ही आम आदमी पार्टी के विधायक नारेबाजी कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी की दिल्ली पुलिस कर्मियों से नोंकझोंक की भी खबर है।
आतिशी का कहना है कि उन्हें और उनकी पार्टी के सभी 21 विधायकों को पुलिस विधानसभा परिसर में एंट्री नहीं लेने दे रही है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि ऐसा देश की किसी भी विधानसभा या संसद में भी नहीं हुआ कि चुने हुए प्रतिनिधियों को विधानसभा या संसद परिसर में ही न आने दिया जाए।
आतिशी ने बताया कि जब वह विधानसभा परिसर में आ रही थीं तो उसके बाहर ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनकी गाड़ी को रोक दिया। उन्होंने बताया, उन्हें दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने जानकारी दी कि दिल्ली विधानसभा परिसर से AAP विधायकों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से आदेश आए हैं कि AAP विधायकों को विधानसभा परिसर के गेट पर ही रोक लिया जाए।
आतिशी ने बताया कि AAP विधायकों को 3 दिन के लिए विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने से रोका गया है। उनकी गाड़ी विधानसभा परिसर के गेट के पास खड़ी है और उनका कहना है कि वह इंतजार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अगर कोई विधायक सस्पेंड होता है तो सदन के अंदर एंट्री प्रतिबंधित होती है। लेकिन विधानसभा परिसर के मेन गेट के 50 मीटर दूर उन्हें रोका गया है।
आतिशी ने कहा, विधानसभा परिसर में LOP का दफ्तर होता है, विधायकों को अपने एडमिनिस्ट्रेटिव कार्य करने होते हैं। प्रश्न लगाने होते हैं। अपने इलाकों से जुड़े हुए प्रश्न लगाने होते हैं, मुद्दे उठाने होते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
