राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आप सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान मोहल्ला क्लीनिक बनवाए थे। लेकिन अब रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने मोहल्ला क्लिनिक के स्थान पर आरोग्य मंदिर बनाने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि आरोग्य मंदिर मोहल्ला क्लिनिक से बेहतर सुविधाओं से लैस होंगे। मिली जानकारी के अनुसार, इस आरोग्य मंदिर में इमरजेंसी और डिलीवरी सुविधाओं के साथ बच्चों के लिए डे केयर की सुविधा भी दी जाएगी।
4 आरोग्य मंदिर पर बनेगा 1 बड़ा आरोग्य मंदिर
मिली जानकारी के अनुसार, हर 15 हजार की आबादी पर एक छोटा आरोग्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके बाद चार आरोग्य मंदिर पर एक बड़ा आरोग्य मंदिर बनाया जाएगा। यह बड़ा आरोग्य मंदिर 50 हजार की आबादी पर बनाया जाएगा। बता दें कि बड़े आरोग्य मंदिर में 50 से अधिक टेस्ट किए जा सकेंगे। वहीं छोटे आरोग्य मंदिरों में 15 प्रकार के टेस्ट किए जाएंगे। यहां ओपीडी और टेस्ट की सुविधाओं के साथ दवाइयां भी उपलब्ध होंगी।
आधुनिक लैब होगा तैयार
आरोग्य मंदिर के साथ हर डिस्ट्रिक्ट में एक आधुनिक लैब तैयार की जाएगी, जिसमें सभी टेस्टिंग सुविधा होगी और इंटीग्रेटेड लैब सिस्टम रहेगा। इसमें सभी लैब की रिपोर्ट इंटीग्रेट की जाएंगी। वही आरोग्य मंदिर को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चलाया जाएगा। दिल्ली सरकार ने आज ही विधायकों को अपनी विधानसभा में इन आरोग्य मंदिरों के लिए जगह ढूंढने के निर्देश दिए हैं।
एक साल में बनेंगे आरोग्य मंदिर
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, आरोग्य मंदिर बनाने का कार्य दिल्ली सरकार को 1 साल में पूरा करना होगा। क्योंकि केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली की राज्य सरकार को आयुष्मान भारत योजना के तहत 2500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया था। जानकारी के अनुसार, यह बजट 31 मार्च 2026 को लैप्स हो जाएगा। इसके लैप्स होने से पहले दिल्ली सरकार को आरोग्य मंदिर बनाने का काम करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
