दिल्ली

Delhi News: NDMC का बड़ा फैसला, दिल्ली में अब देना होगा दोगुना पार्किंग चार्ज

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 14, 2023, 08:47 AM IST

बढ़ते प्रदूषण के बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। NDMC ने सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए निजी वाहनों की पार्किंग फीस को बढ़ाकर दोगुना कर दिया है।

Image

दिल्ली में अब देना होगा दोगुना पार्किंग चार्ज

Photo : BCCL

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हालत बेहद खराब होती जा रही है। कई इलाकों में लगातार AQI गंभीर स्तर में बना हुआ है। इस वजह से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। प्रदूषण की वजह से आंखों में जलन हो रही है। इतना ही नहीं कई इलाकों में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। धुंध की चादर सड़कों पर देखने को मिल रही है। इस वजह से लोगों तक साफ हवा नहीं पहुंच पा रही है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। NDMC ने सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए पार्किंग फीस को बढ़ाकर दोगुना कर दी है।

वहीं, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने हरियाणा और यूपी की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए दिल्ली की प्रदूषण में बढ़ोतरी की वजह बताई है। दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री गोपाल राय ने बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है।

91 पार्किंग स्थल

दिल्ली में प्रदूषण के उच्च स्तर के बीच लोगों को निजी गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने के मकसद से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने क्षेत्र में पार्किंग शुल्क दोगुना कर दिया है। एनडीएमसी क्षेत्र में कुल 91 पार्किंग स्थल हैं। इनमें से 41 का प्रबंधन एनडीएमसी करती है, जबकि अन्य का रखरखाव अन्य एजेंसियों को ‘आउटसोर्स’ किया गया है। राजपथ से एम्स के बीच पार्किंग स्थल एनडीएमसी क्षेत्र में आते हैं, जिनमें सरोजिनी नगर बाजार, खान मार्केट, लोधी रोड, आईएनए और सफदरजंग शामिल हैं। इन स्थलों पर गाड़ियों की आवाजाही ज्यादा रहती है।

देनी होगी इतनी फीस

एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए एनडीएमसी के कर्मियों की ओर से प्रबंधित किए जाने वाले पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क को 31 जनवरी 2024 तक दोगुना कर दिया गया है। उसमें कहा गया है कि इसका मकसद लोगों को निजी गाड़ियों का इस्तेमाल करने के प्रति हतोत्साहित करना है। इसमें कहा गया है कि प्रदूषण की स्थिति के कारण दिल्ली में लागू ‘ग्रेडेड एक्शन रिस्पांस प्लान’ (जीआरएपी) के चौथे चरण के दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।एनडीएमसी वर्तमान में पार्किंग स्थलों पर चार पहिया वाहनों के लिए 20 रुपये प्रति घंटा और अधिकतम 100 रुपये प्रति दिन और दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये प्रति घंटा और अधिकतम 50 रुपये प्रति दिन का शुल्क लेती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article