दिल्ली

Air India: फ्लाइट में महिला केबिन-क्रू से भिड़ा यात्री, बाल पकड़कर खींचे; 15 मिनट बाद ही दिल्ली लौटा विमान

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 10, 2023, 05:38 PM IST

Air India Delhi-London Flight Returns Delhi: लंदन के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद ही यात्री ने महिला केबिन-क्रू के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद विमान को वापस दिल्ली लाया गया और यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

महिला केबिन-क्रूू से मारपीट के बाद दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान

Photo : BCCL

Air India: दिल्ली से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यात्री की हरकत की वजह से विमान उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही वापस दिल्ली लौट आया। जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एक यात्री महिला केबिन-क्रू से भिड़ गया। आरोप है कि विमान जब हवा में था तब यात्री ने महिला क्रू मेंबर के बाल पकड़कर खींचे और मारपीट भी की।

यह घटना एयर इंडिया की फ्लाइट AI-111 का है। इसकी पुष्टि खुद एयर इंडिया के अधिकारियों की ओर से की गई है। इस मामले में दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस के पास यात्री के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही करने लगा अजीब हरकत

एयर इंडिया ने बताया कि एक विमान सुबह करीब 6.35 बजे लंदन के लिए रवाना हुआ। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही एक यात्री अजीब हरकतें करने लगा, जिसके बाद यात्री को समझाया गया और उसे चेतावनी दी गई, लेकिन वह नहीं माना और उसने महिला केबिन क्रू के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। जब दूसरी महिला केबिन क्रू ने बीचबचाव किया तो यात्री ने मारपीट शुरू कर दी और उनके बाल पकड़कर खींचे। यात्री की इस हरकत के बाद विमान को वापस दिल्ली लौटाया गया।

पुलिस को सौंपा गया यात्री

एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया, विमान के वापस लौटते ही पुलिस में यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अधिकारी यात्री से पूछताछ कर रहे हैं।

लगातार सामने आ रहीं ऐसी घटनाएं

विमान में यात्रियों की ऐसी हरकत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ महीने पहले एक यात्री का महिला सहयात्री पर पेशाब करने का मामला सामने आया था। तो वहीं, बीते महीने लंदन से मुंबई एयर इंडिया के विमान में के एक यात्री को शौचालय में धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article