Delhi Crime News: दिल्ली के तिगड़ी में जिम चलाने वाले गौरव सिंघल की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि यहां पिता ही अपने बेटे की जान का दुश्मन बना हुआ था। पुलिस ने बताया कि गौरव सिंघल की हत्या उसकी शादी से ठीक एक दिन पहले की गई थी। दूल्हे की हत्या से शादी वाला घर मातम में बदल गया है। हत्या की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच करते हुए हत्याकांड को अंजाम देने वाले फरार पिता को जयपुर से गिरफ्तार किया गया।
बेटे की हत्या करने वालाआरोपी पिता गिरफ्तार
गौरव सिंघल की हत्या का माजरा क्या है इसका खुलासा पिता की गिरफ्तारी के बाद हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें पुलिस ने मृतक युवक के पिता को सामान लेकर जाते हुए देखा। इससे पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने पूछताछ करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार किया। हत्या के पीछे की वजह ने पुलिस को भी हैरान कर दिया।
शादी से एक दिन पहले बेटे को उतारा मौत के घाट
साउथ जिले के डीसीपी अंकित चौहान ने खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रची है। वह पिछले 3 से 4 महीने पहले से बेटे की हत्या की योजना बना रहा था और मौका पाते ही बेटे की हत्या करवा दी। हत्या की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की पूछताछ में पुलिस को पता लगा की मृतक गौरव की अगले दिन शादी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए फरार पिता के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया।
पिता ने किया हत्या की वजह का खुलासा
दिल्ली पुलिस ने राजस्थान पुलिस की सहायता से फरार आरोपी पिता को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता के पास से 15 लाख रुपये कैश और पचास लाख तक के जेवर भी बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान गौरव की हत्या की वजह का खुलासा हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के साथ पिछले 15 साल से अच्छे संबंध नहीं है। जिस फ्लैट में गौरव की हत्या की गई है उसी फ्लैट में मृतक गौरव सिंघल और दूसरा बेटा अपनी मां के साथ रहा करते थे। इसके अलावा आरोपी ने ये भी बताया कि पत्नी के साथ झगड़े के दौरान बड़े बेटे यानी गौरव ने उस पर हाथ उठाया था। इस बात से नाराज आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटे से बदला लेने का प्लान किया। आरोपी ने बताया कि वह पिछले 3-4 महीने से अपने बेटे की हत्या की योजना बना रहा था। आरोपी पिता ने बेटे की हत्या के लिए तीन लड़कों को 50 हजार रुपये दिए थे। डीजे पर डांस कर रहे गौरव सिंघल को ये तीनों लोग अपने साथ बुलाकर ले गए और कैंची का प्रयोग करते हुए 15 बार घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस फिलहाल इन तीनों लोगों की तलाश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
