Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली एनसीआर में भीषण ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस बीच अब बारिश भी दस्तक देने वाली है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह दो दिन बारिश की संभावना जताई है। एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव होने वाला है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है। साथ ही शीतलहर के चलते गलन भी बढ़ जाएगी। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिलेगा।
बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में आज मध्यम से घना कोहरा देखने को मिला। साथ ही शीतलहर का कहर भी जारी है। मौसम विभाग ने आज राजधानी में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। बारिश की वजह से ठंड में और इजाफा होगा। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय चार किमी प्रति घंटे से कम स्पीड से सतही हवा दक्षिण पूर्व में चलने की संभावना है। दोपहर में हवा की स्पीड दक्षिण पूर्व से बढ़कर 6-8 किमी प्रति घंटे होने का अनुमान है। शाम और रात के समय हवा की गति उत्तर-पश्चिम दिशा से घटकर 6 किमी प्रति घंटे से कम हो सकती है।
11 जनवरी को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी को भी सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। जिसके बाद 8 जनवरी को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने के आसार हैं। दिल्ली में 9 और 10 जनवरी को भी कोहरा छाने की संभावना है। जिसके बाद 11 जनवरी को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई गई है। 9 से 11 जनवरी के दौरान अधिकतम तापमान 17- 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के बीच रह सकता है।
घने कोहरे के कारण 51 ट्रेनें लेट
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। इस दिन सुबह के समय कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। रविवार को साढ़े तीन घंटे तक राजधानी कोहरे की आगोश में रही। वहीं शनिवर को 9 घंटे तक कोहरे की मार दिल्ली ने झेली। जिससे सड़क और रेल के साथ ही हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। दिल्ली में रविवार को घने कोहरे के कारण 51 ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चली। साथ ही कई फ्लाइट्स के समय में भी बदलाव किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
