Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून अब विदाई के आखिरी दौर में है। यहां के इलाकों में बारिश का सिलसिला भी थम सा गया है। अब राजधानी में अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम है। बारिश की कमी के चलते तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले 5-6 दिनों तक बारिस होने के कोई आसार नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी भी हो सकती है। दिल्ली में अगले तीन दिन तेज धूप निकलने वाली है। हालांकि मौसम में नमी कम होने की वजह से लोगों को पहले जैसी गर्मी नहीं झेलनी होगी।
दिल्ली में तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। लेकिन बारिश होने का कोई अनुमान नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के जिलों में भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। राजधानी में आने वाले दिनों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। IMD के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक आसमान साफ रहने वाला है। लेकिन इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं जताई गई है। 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री तक रहने की संभावना है।
इस मॉनसून अच्छी बारिश हुई रिकॉर्ड
दिल्ली में इस मॉनसूनी सीजन अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सितंबर माह में सामान्य से 59 फीसदी अधिक बरसात हुई। वहीं सफदरजंग मौसम केंद्र में इस बार अब तक 192.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। आमतौर पर यहां 121.3 मिमी बारिश होती है। अगस्त में भी सामान्य से 67 प्रतिशत अधिक पानी बरसा था। आमतौर पर अब तक दिल्ली में मानसून विदा हो जाता है। लेकिन इस बार से देश में देरी से मॉनसून की विदाई से शुरू हुई। जिसकी वजह से दिल्ली में मॉनसून की परिस्थितियां अब तक बनी हुई हैं। लेकिन अब राजधानी में अच्छी बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली से अगले चार-पांच दिनों में मॉनसून की विदाई होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
