Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद ठंड और बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से यहां लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिससे तापमान में भी कमी आई है। ऐसे मौसम में लोग अपने घरों से निकलने से बच रहे हैं। साथ ही ठंड से राहत पाने के लिए हीटर, ब्लोअर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में दो दिन घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। लेकिन क्या बारिश का सिलसिला आज भी जारी रहेगा या नहीं, आइए जानते हैं:
दिल्ली का मौसम
आज बारिश के आसार नहीं
दिल्ली में आज बारिश की संभावना नहीं है। रविवार को राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और रात में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रह सकता है। साथ ही 7 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं भी चलती रहेगी। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
एक नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सोमवार को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और फरीदाबाद में कोहरे का येलो अलर्ट है, लेकिन गुरुग्राम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 दिसंबर को भी दिल्ली में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं जताया गया है। हालांकि 1 से 6 जनवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ हिमालयन रीजन में बनता नजर आ रहा है। इसकी मॉनीटरिंग करके पता लगाया जा रहा है कि इसका दिल्ली-एनसीआर में कितना प्रभाव होगा।
शनिवार को दिनभर छाए रहे बादल
दिल्ली में शनिवार को आसमान में दिन-भर बादल डेरा डाले रहे। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी देखने को मिली। इस दिन अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री रहा। इससे पहले शुक्रवार को भी दिन-भर बारिश रुक-रुककर जारी रही। आसमान में घने बादल छाने से सूरज भी नहीं निकला। बारिश से प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखने को मिल रहा है। शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 139 दर्ज हुआ, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
