Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। इस दिन बारिश ने 27 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। राजधानी में सुबह से ही काले बादल छाए रहे। साथ ही बारिश भी शुरू हो गई, जो दिनभर रुक-रुक कर होती रही। बादलों के छाने और बारिश की वजह से सूर्यदेव ने दर्शन भी नहीं दिए। जिसके चलते दोपहर के समय भी अंधेरा छा गया। बारिश होने और धूप न निकलने के कारण तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई और सर्दी भी बढ़ गई। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में आज भी बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। जिसके बाद बारिस की गतिविधियां कम होंगी।हालांकि घने कोहरे की वापसी होने के आसार हैं।
दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में कल यानी रविवार को सुबह के समय बहुत घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दिन अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पूरे हफ्ते दिल्ली का मौसम
आईएमडी के अनुसार राजधानी में सोमवार 30 दिसंबर को भी घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रह सकता है। 31 दिसंबर से 2 जनवरी के दौरान भी दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 17 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
बारिश ने तोड़ा 27 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली में शुक्रवार को रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई। बीते 27 सालों में राजधानी में दिसंबर महीने में इतनी बारिश कभी नही हुई। मौसम विभाग के अनुसार मौसम की दो परिघटनाओं के मिलने के कारण दिसंबर में यहां इतनी अधिक बारिश हुई। दिल्ली में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 11.3 मिमी बारिश हुई। वहीं सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे के बीच 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में साल 1997 से 2024 तक दिसंबर में इतनी ज्यादा बारिश नहीं हुई, जितनी शुक्रवार को रिकॉर्ड की गई। साल 1997 में 71.8 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
