Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में अगस्त के महीने में जमकर बारिश हुई। इस दौरान कहीं हल्की तो कही तेज बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। साथ ही तेज हवाएं भी चली हैं। जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। साथ ही उमस और गर्मी से भी काफी हद तक राहत मिली है। बुधवार को भी दिल्ली में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में आज तड़के कई जगहों पर बारिश हुई। जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में इस पूरे हफ्ते बादलों की मौजूदगी देखने को मिलेगी। साथ ही हल्की बारिश या बौछारें भी पड़ सकती हैं।
दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही एनसीआर के शहरों में भी अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है।
देर रात और आज तड़के दर्ज हुई बारिश
दिल्ली में मंगलवार को कई हिस्सों में दोपहर व शाम को बारिश दर्ज की गई। साथ ही तेज हवाएं भी चलीं। मंगलवार को देर रात भी कई जगहों पर जोरदार बारिश हुई। साथ ही बुधवार तड़के भी बारिश दर्ज की गई। जिससे कई जगहों पर पानी भी भर गया। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
2 सितंबर तक छिटपुट बारिश जारी
दिल्ली में 29 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 2 सितंबर तक रुक-रुक कर छिटपुट बौछारें या हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री तक रह सकता है।
अगस्त में हुई सबसे अधिक बारिश
पीटीआई-भाषा के अनुसार दिल्ली में इस साल अगस्त में 23 दिन तक बारिश हुई और इस महीने पिछले 14 वर्षों में सबसे अधिक बारिश वाले दिन रहे। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इससे पहले सर्वाधिक बारिश 2012 में 22 दिन और उसके बाद 2011 में 20 दिन हुई थी।
"बारिश वाला दिन" वह दिन होता है जब शहर में 2.4 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होती है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि इसके अतिरिक्त इस वर्ष अगस्त राष्ट्रीय राजधानी के लिए सबसे अधिक वर्षा वाला महीना भी रहा है जहां अब तक 291.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले एक दशक में सर्वाधिक है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार 27 अगस्त तक दिल्ली में 291.6 मिमी बारिश हुई जो अगस्त 2014 में दर्ज की गई अधिकतम बारिश से अधिक है।
अन्य राज्यों का मौसम
दिल्ली के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में भी जोरदार बारिश की संभावना है। हिमाचल में अगले दो दिन भारी बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान में भी कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 27 अगस्त से 2 सिंतबर तक अच्छी बारिश हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
