Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में इन दिनों गर्मी अपना सितम दिखा रही है। उमस से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। पिछले कई दिनों से राजधानी में बारिश नहीं हो रही है। जिसकी वजह से तापमान में भी इजाफा हुआ। लेकिन दिल्ली के मौसम में जल्द ही बदलाव होने वाला है। राजधानी में एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के बाद अगले चार दिन हल्की बारिश होने का अनुमान है। जिससे तापमान में भी चार डिग्री तक कमी आ सकती है।
25 सितंबर से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में आसमान में छिटपुट बादल छाए रहने के आसार हैं। लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है। बुधवार 25 सितंबर को राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 26 और 27 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में मौसम ज्यादा खराब रहने का पूर्वानुमान है। इन दोनों दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। 28 सितंबर को भी छिटपुट बूंदाबांदी होने के आसार हैं। जिसके बाद 29 सितंबर को फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि इस दिन हल्के बादल नजर आ सकते हैं।
बारिश से तापमान में आएगी गिरावट
IMD के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक रह सकता है। जिसके बाद मौसम में बदलाव होने के साथ ही तापमान में भी कमी आएगी। 25 सितंबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं 26 और 28 सितंबर तक अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच दर्ज हो सकता है। 29 सितंबर को 34 डिग्री तक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। इस पूरे हफ्ते दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
