Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है। जिसकी वजह से तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। साथ ही उमस और गर्मी भी खूब बढ़ गई है। बारिश के अभाव में सूरज भी अपने तेवर दिखा रहा है। रविवार को राजधानी में तेज धूप निकली। लोग दिन भर उमस से बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को इस महीने का अब तक दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। फिलहाल दो दिन तक गर्मी से रात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। लेकिन आज भी यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। जिसकी वजह से आज भी उमस लोगों को परेशान करेगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है। कल भी यहां हल्के बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को भी बारिश के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में बुधवार से लगातार तीन दिन बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जिससे गर्मी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच दर्ज होने की संभावना है।
लोधी रोड रहा सबसे गर्म इलाका
रविवार को सुबह से ही चमकदार धूप निकली। हवा में भी गर्माहट का एहसास हुआ। दोपहर होते-होते धूप और तेज हो गई। धूप और गर्मी ने लोगों को पसीने से तर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जोकि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री और हवा में नमी का स्तर 57 से 92 प्रतिशत रहा। रविवार को दिल्ली में सबसे अधिक गर्म इलाका लोधी रोड दर्ज हुआ। यहां का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री रहा। इसके अलावा रिज में 35.4 डिग्री, आया नगर में 35.2 डिग्री और पालम में 33.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 22.4 डिग्री रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
