Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: गर्म मौसम के मामले में दिल्ली एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस साल फरवरी माह की शुरुआत 15 सालों में सबसे गर्म दर्ज हुई। इससे पहले जनवरी का महीना भी पिछले छह सालों में सबसे गर्म रिकॉर्ड हुआ था। राजधानी में इस बार फरवरी का पहला दिन काफी गर्म महसूस हुआ। 2011 से 2025 के दौरान कभी भी एक फरवरी के दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री से ऊपर नहीं रहा। लेकिन शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली का मौसम बिगड़ने की संभावना है।
आज दिल्ली का मौसम
आज छाए रहेंगे दिल्ली में बादल
मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ। रविवार को राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाने की संभावना है। दिन में 4 से 8 किमी प्रति घंटे की गति से हवा भी चलती रहेगी। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। अगले दो दिन यानी 3 और 4 फरवरी को दिल्ली में हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार से दिल्ली में मौसम साफ हो जाएगा।
ज्यादातर इलाकों में छाया रहा घना कोहरा
दिल्ली में शनिवार को ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। जिसके चलते सुबह के समय सफदरजंग और पालम मौसम केंद्र में विजिबिलिटी का स्तर 0 से 50 मीटर तक गिर गया। हवा की गति थमने के कारण कोहरा काफी देर तक छाया रहा। सुबह 10 बजे कोहरा छंटने के बाद धूप खिल आई। दिनभर तेज धूप रहने से हल्की गर्मी का भी एहसा हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री ज्यादा 26.2 डिग्री दर्ज सेल्सियस किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
