Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में दिन के साथ ही रात का पारा भी चढ़ता जा रहा है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मंगलवार को दिल्ली में इस मौसम का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले 48 घंटो में प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे तापमान में भी गिरावट हो सकती है। साथ ही ठंड में भी हल्का इजाफा होने की उम्मीद है।
दिल्ली में आज और कल होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 19 से 22 फरवरी के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान आंशिक या सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। 19 से 20 फरवरी के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। वहीं सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है।
एनसीआर में तेज बारिश के आसार
दिल्ली के साथ ही एनसीआर क्षेत्र में भी बारिश की संभावना जताई गई है। यहां 19 और 20 फरवरी को तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तूफान की संभावना भी जताई गई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से हो रही गड़बड़ी के चलते मौसम में ऐसे बदलाव देखे जा रहे हैं। जिसके कारण एनसीआर में अचानक मौसम में बदलाव आ रहा है। बारिश के बाद मौसम में एक बार फिर नमी आ जाएगी। जिस कारण सुबह-शाम में ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
मंगलवार को 28 डिग्री पार रहा दिन का पारा
दिल्ली में मंगलवार कोअधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार यह इस मौसम का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इससे पहले 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
