Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। घने कोहरे, सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड के बीच कभी-कभी बारिश की दस्तक भी देखने को मिल रही है। बारिश होने से ठिठुरन और बढ़ रही है। बीते बुधवार और गुरुवार सुबह को राजधानी में बारिश हुई थी। जिसके बाद फिर से राजधानी में बारिश होने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते दो दिन बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान तापमान में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर और अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है। जिसके बाद मौसम फिर से साफ हो जाएगा।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज और कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसको लेकर गाजियाबाद और नोएडा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज दिल्ल में मौसम साफ रहने वाला है। शाम और रात के समय हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। 19 जनवरी को भी दिल्ली में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। रविवार को भी गुरुग्राम और फरीदाबाद में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजियाबाद में कोहरे की येलो चेतावनी जारी की गई है।
22 और 23 जनवरी को बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में 22 और 23 जनवरी के दौरान बारिश होने की संभावना है। हालांकि 21 जनवरी को राजधानी में मौसम गतिविधि कम रह सकती है। वहीं 22 जनवरी को तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। 23 जनवरी को भी बारिश होने की संभावना है। बारिश से ठंड में और इजाफा हो सकता है। इस दौरान शीतलहर की स्थिति भी बरकरार रह सकती है। जिससे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदलेगा मौसम
पश्चिमी हिमालय पर 18 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। जिसका प्रभाव सिर्फ पहाड़ी क्षेत्रों पर देखने को मिलेगा। जिसके बाद 21 जनवरी को एक और सिस्टम आने का अनुमान है। इसके साथ ही पंजाब और राजस्थान के कुछ भागों में इनड्यूस्ड सर्कुलेशन भी होगा। इन दोनों सिस्टम के मिलने से पहाड़ी और मैदानी इलाकों के मौसम में प्रभाव पड़ेगा। जिसके प्रभाव से बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। हालांकि इसका असर 22 जनवरी को ज्यादा देखने को मिलेगा।
पालम में जीरो रही विजिबिलिटी
दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कुछ जगहों पर विजिबिलिटी शून्य भी पहुंच गई। दृश्यता कम होने से यातायात भी बाधित हुआ। स्काईमेट के अनुसार पालम में रात 2 बजे से सुबह साढ़े आठ बजे तक घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी जीरो रही। विजिबिलिटी में 9 बजे के बाद सुधार आने लगा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा भी छंटने लगा। दिन के समय धूप भी निकली। जिससे ठंड से हल्की राहत महसूस हुई। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस 8.8 दर्ज हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
