Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर रात को शुरु हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार सुबह भी जारी रहा। बारिश ने ठंड का एहसास और बढ़ा दिया है। कड़ाके की सर्दी के बीच दिल्लीवासी कोहरे की मार भी झेल रहे हैं। अगले 3 दिनों तक राजधानी में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में दिल्ली में एक बार फिर बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जनवरी को दिल्ली में बारिश होने का अनुमान है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है:
दिल्ली का मौसम
कल भी कोहरे का अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में आज घने से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। शनिवार को भी घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन आसमान साफ रहेगा। शाम और रात के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
गुरुवार को निकली धूप
दिल्ली में गुरुवार को सुबह के समय बारिश देखने को मिली। साथ ही कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा भी छट गया और आसमान साफ हो गया। दोपहर में सूर्य देव ने भी दर्शन दिये। हालांकि दिन में भी ठंड का एहसास बना रहा। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में आर्द्रता का स्तर 74 से 100 फीसदी रहा।
पालम में हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में औसतन 3.9 मिमी बारिश दर्ज हुई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश पालम केंद्र में हुई। यहां 10.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रिज में 9.7 मिमी, पूसा में 8 मिमी, आया नगर में 5.5 मिमी, मयूर विहार में 4.5 मिमी और लोधी रोड में 4.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े दस बजे तक पालम एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 700 मीटर और सफदरजंग में सुबह 7 बजे से साढ़े आठ बजे तक विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज हुई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
