Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। साथ ही कोहरे का कहर भी जारी है। आज सुबह भी राजधानी घने कोहरे की आगोश रही। जिसके चलते विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। सुबह घने कोहरे के कारण थोड़ी दूर की चीजें भी दिखाई नहीं दे रही है। जिससे वाहन चालकों को समस्या हो रही है। दिल्ली में आज फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने दो दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है।
आज बरस सकते हैं बदरा
दिल्ली-एनसीआर में आज बादल छाए रहने के आसार हैं। साथ ही हल्की से बहुत हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत को प्रभावित करने वाला है। जिसके असर से मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ही दिल्ली का मौसम बिगड़ने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
शाम और रात में भी कोहरा छाने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार को सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से प्रमुख सतही हवाएं 4 किमी प्रति घंटे से कम की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। साथ ही सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाने और कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं शाम और रात में के समय भी धुंध या हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।
कल भी दिल्ली में बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 16 जनवरी को भी सुबह के समय कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना है। साथ ही ठंड में भी और इजाफा हो सकता है।
पालम में विजिबिलिटी जीरो
दिल्ली में मंगलवार की सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। जिससे कई जगहों पर विजिबिलिटी जीरो हो गई और ट्रेनों का परिचालन भी इससे बाधित हुआ। आईएमडी के अनुसार मंगलवार को सुबह 4:30 बजे से पालम में विजिबिलिटी जीरो मीटर हो गई। इस दौरान 6-8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं भी चल रही थीं। वहीं सफदरजंग में घने कोहरे के कारण सुबह 5:30 बजे से विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज हुई और हवा की गति भी बेहद धीमी रही। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इस दौरान आर्द्रता का स्तर पूरे दिन 80 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
