Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में पिछले 2 दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार पानी बरसने से अब यहां ठंड का अहसास बढ़ गया है। जिससे सितंबर महीने में ही नवंबर जैसी ठंड महसूस हो रही है। शुक्रवार को राजधानी में पूरे दिन रुक-रुककर बारिश जारी रही। विभिन्न इलाकों में अलग-अलग समय मध्यम से तेज बारिश दर्ज हुई। साथ ही हवाओं में ठंडक का भी अहसास हुआ और तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया। जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
दिल्ली में आज भी बारिश का
दिल्ली-एनसीआर में आज अलग-अलग इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रहने की संभावना है। रविवार को राजधानी में बारिश पर ब्रेक लग सकता है। रविवार से मंगलवार तक आसमान साफ रहेगा और हल्के बादल दिखने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार से फिर बारिश वापसी करने वाली है। गुरुवार को भी बारिश होने के आसार है। जिसके बाद शुक्रवार को फिर आसमान साफ रह सकता है।
शुक्रवार को दिनभर बरसा पानी
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी बारिश का क्रम जारी रहा। शुक्रवार को बारिश का येलो अलर्ट ओरेंज में बदल गया। सुबह से ही बारिश शुरू हो गई और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। पूरे दिन काले बादल आसमान में ढेरा डाले रहे। बारिश के बीच दिन में ही रात जैसा घनघोर अंधेरा भी छा गया। शाम को कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाएं भी चलीं। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भारी जलभराव भी देखने को मिला। जिससे ट्रैफिक जाम में लोगों को परेशान होना पड़ा।
कहां-कितनी बारिश हुई
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में रिज में 69.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 56.5 मिमी, सफदरजंग मौसम केंद्र ने 29.6 मिमी, लोधी रोड ने 28.2 मिमी, आयानगर ने 19.5 मिमी और पालम ने 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से छह डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 21.4 डिग्री रहा। साल 2011 के बाद यह पहली बार है जब 13 सितंबर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान इतनी नीचे दर्ज किया गया है।
दिल्ली में अब तक 963.2 मिमी बारिश हुई
दिल्ली में अब तक कुल 963.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है। राजधानी में सितंबर में अब तक 142.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि 2023 में 82.7 बारिश दर्ज हुई थी। वर्ष 2011 से यह तीसरी बार हुआ है, जब सितंबर में 11 दिन बारिश हुई है। इससे पहले 2022 और 2011 में 11 दिन बारिश दर्ज हुई थी। मौसम विभाग का मानना है कि इस बार दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
