Aaj ka Mausam: दिल्ली में मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। फरवरी में ठंड होने की बजाए गर्मी का एहसास होने लगा है। यहां तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। बता दें कि इस साल जनवरी भी बीते सालों की तुलना में काफी गर्म रहा। लेकिन अब फरवरी में महसूस हो रही गर्मी से ऐसा लग रहा है जैसे सर्दियों की विदाई का समय आ गया है। दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्रों में भी मौसम ऐसा ही बना हुआ है। आसमान साफ है और दोपहर में तेज धूप खिली होने के कारण ठंड की बजाए हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान में वृद्धि होगी।
दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। दिन के समय मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। जानकारी के लिए बता दें कि बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 23.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 93 से 47 प्रतिशत रहा।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी होगी। शहर का अधिकतम तापमान बढ़कर 24 से 28 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 8 से 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि इस बीच 7 और 9 फरवरी को तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखी जाएगी। क्योंकि 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके कारण पहाड़ों पर मौसमी गतिविधियां बनी रहेगी और इसका असर दिल्ली समेत कई शहरों पर देखने को मिलेगा। उसके बाद फिर तापमान बढ़ना शुरू होगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में तेज सरफेस हवाएं चलेंगी। इस दौरान इन दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान क्रमशः 10 और 11 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान क्रमशः 24 और 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। गुरुग्राम और फरीदाबाद की बात करें तो यहां आसमान साफ रहेगा धूप खिली रहेगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान क्रमशः 11, 12 डिग्री रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 21 और 23 डिग्री तक जा सकता है। 10 फरवरी एनसीआर क्षेत्रों के मौसम में फिर बदलाव होंगे। इस दौरान बारिश होने की भी आशंका जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
